नीट (NEET) पेपर लीक और अन्य परीक्षाओं में विवादों का सामना करने के बाद, नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) अपने ढांचे में व्यापक सुधार करने जा रही है। प्रो. के. राधाकृष्णन की उच्च स्तरीय समिति की सिफारिशों पर अमल करते हुए, NTA ने एक बड़ा भर्ती अभियान शुरू किया है। इसके तहत 4 वरिष्ठ जनरल मैनेजर और 16 यंग प्रोफेशनल्स के पदों पर आवेदन मांगे गए हैं।
4 जनरल मैनेजर पदों की प्रमुख जिम्मेदारियां इन चारों पदों पर शुरुआत में 3 साल के अनुबंध (कॉन्ट्रैक्ट) के आधार पर नियुक्ति की जाएगी:
- असेसमेंट रिसर्च एंड डेवलपमेंट: इस पद पर नियुक्त अधिकारी प्रश्न बैंक के विकास, परीक्षा नॉर्मलाइजेशन और AI आधारित मूल्यांकन से जुड़े प्रोजेक्ट्स का नेतृत्व करेगा।
- टेस्ट सेंटर नेटवर्क एंड ऑपरेशंस: इनके जिम्मे देशभर के 500 से अधिक शहरों और अंतरराष्ट्रीय केंद्रों में परीक्षा ढांचे का कुशल संचालन और प्रबंधन होगा।
- इंफॉर्मेशन सिक्योरिटी: यह अधिकारी एजेंसी के चीफ इंफॉर्मेशन सिक्योरिटी ऑफिसर (CISO) के रूप में कार्य करेगा, जो साइबर सुरक्षा और डेटा प्रोटेक्शन सुनिश्चित करेगा।
- विजिलेंस, इन्वेस्टिगेशन एंड फोरेंसिक्स: इनका मुख्य कार्य परीक्षाओं में होने वाली किसी भी गड़बड़ी की आंतरिक जांच करना और मामलों को सुलझाने के लिए CBI, IB और पुलिस जैसी एजेंसियों के साथ तालमेल बिठाना होगा।
पहली बार UPSC के ‘प्रतिभा सेतु पोर्टल’ से होगी भर्ती NTA पहली बार यूपीएससी (UPSC) के ‘प्रतिभा सेतु पोर्टल’ के जरिए 16 यंग प्रोफेशनल्स की भर्ती भी करने जा रहा है। यह शानदार अवसर विशेष रूप से उन उम्मीदवारों के लिए है जिन्होंने सिविल सेवा परीक्षा दी है और जिनका नाम इस पोर्टल पर दर्ज है।
इन 16 पदों को इस प्रकार बांटा गया है:
- 12 पद: एकेडमिक रिसर्च के लिए
- 2 पद: विधिक (लीगल) रिसर्च के लिए
- 2 पद: वित्त एवं लेखा (फाइनेंस और अकाउंट्स) विभाग के लिए
चुने गए उम्मीदवारों को शुरुआती तौर पर 24 महीने के लिए तैनात किया जाएगा, जिसे उनके बेहतर प्रदर्शन के आधार पर 36 महीने तक के लिए बढ़ाया जा सकता है। NTA का यह कदम परीक्षा प्रणाली को अधिक पारदर्शी, सुरक्षित और विश्व स्तरीय बनाने की दिशा में एक बड़ी पहल माना जा रहा है।


























































