वास्तु शास्त्र के अनुसार घर का प्रत्येक कोना और भाग हमारे जीवन तथा घर की ऊर्जा को प्रत्यक्ष रूप से प्रभावित करता है। घर की सीढ़ियां और उनके नीचे की खाली जगह भी इसमें बेहद महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। सीढ़ियों के नीचे पड़े खाली स्थान का सही और व्यवस्थित उपयोग घर में सुख-समृद्धि तथा सकारात्मक ऊर्जा का प्रवाह बनाए रखने में मदद करता है। इसके विपरीत, वहां की गई कुछ छोटी-छोटी गलतियां गंभीर वास्तु दोष का कारण बन सकती हैं, जिससे घर में तनाव और आर्थिक समस्याएं उत्पन्न होती हैं।
आइए विस्तार से जानते हैं कि सीढ़ियों के नीचे कौन-कौन सी चीजें रखना शुभ माना जाता है और किन वस्तुओं को रखने से बचना चाहिए।
क्यों महत्वपूर्ण है सीढ़ियों के नीचे का स्थान?
वैदिक वास्तु परंपरा के अनुसार, यदि घर का निर्माण वास्तु के नियमों का पालन करते हुए किया जाए, तो परिवार के सदस्यों के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य बना रहता है। सीढ़ियां घर में ऊर्जा के प्रवाह का मुख्य मार्ग मानी जाती हैं। यदि सीढ़ियों के नीचे का स्थान वास्तु के विपरीत इस्तेमाल किया जाता है, तो इससे घर में नकारात्मक ऊर्जा का संचय होने लगता है, जिससे मानसिक तनाव, परिजनों के स्वास्थ्य में गिरावट और आर्थिक परेशानियां बढ़ सकती हैं। इसलिए इस स्थान का सही उपयोग करना अत्यंत आवश्यक है।
सीढ़ियों के नीचे क्या रखना शुभ होता है?
सीढ़ियों के नीचे की जगह का सही और सकारात्मक उपयोग करने के लिए वास्तु शास्त्र में निम्नलिखित बातें बताई गई हैं:
- पूरी साफ-सफाई और स्वच्छता रखें: सीढ़ियों के नीचे की जगह को हमेशा स्वच्छ, खुली और व्यवस्थित रखना चाहिए। यहां धूल-मिट्टी या अव्यवस्था नकारात्मक ऊर्जा को आकर्षित करती है। इस स्थान पर केवल आवश्यक और हल्का सामान ही करीने से रखें।
- छोटे पौधे लगाएं: यदि सीढ़ियों के नीचे पर्याप्त स्थान और हल्का प्रकाश उपलब्ध हो, तो वहां इनडोर प्लांट्स या छोटे गमले रखे जा सकते हैं। पौधे वातावरण में ऑक्सीजन और सकारात्मकता बढ़ाते हैं, जिससे घर का माहौल बेहतर होता है और वास्तु दोष का प्रभाव कम होता है।
- बुक शेल्फ या स्टडी कॉर्नर बनाएं: सीढ़ियों के नीचे के खाली स्थान को एक छोटी बुक शेल्फ (किताबों की अलमारी), स्टडी टेबल या एक सुंदर डेकोरेटिव कॉर्नर के रूप में विकसित किया जा सकता है। हल्का और आकर्षक सजावटी सामान घर में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है। ध्यान रखें कि वहां पुरानी या बेकार किताबें न जमा हों।
सीढ़ियों के नीचे भूलकर भी न करें ये गलतियां
वास्तु शास्त्र के अनुसार सीढ़ियों के नीचे निम्नलिखित निर्माण या वस्तुएं रखने से बचना चाहिए:
- पूजा घर (मंदिर) न बनवाएं: कई लोग जगह की कमी के कारण सीढ़ियों के नीचे मंदिर बनवा लेते हैं, जो वास्तु के अनुसार बिल्कुल अनुचित है। सीढ़ियों के नीचे पैरों की आवाजाही होती है, इसलिए यह स्थान पूजा-पाठ और ईश्वर के स्थान के लिए पवित्र व अनुकूल नहीं माना जाता। ऐसा करने से पूजा का शुभ फल प्राप्त नहीं होता।
- रसोई घर (किचन) या बाथरूम न बनवाएं: सीढ़ियों के नीचे रसोई या शौचालय का निर्माण कराना वास्तु शास्त्र में बड़ा दोष माना गया है। इससे घर में नकारात्मक ऊर्जा बढ़ती है, परिवार के सदस्यों में आपसी मनमुटाव, कलह और बीमारियां फैलने की आशंका बनी रहती है।
- तिजोरी या धन न रखें: सीढ़ियों के नीचे तिजोरी, कैश बॉक्स या कीमती सामान रखने की व्यवस्था नहीं करनी चाहिए। वास्तु मान्यताओं के अनुसार, सीढ़ियों के नीचे रखा धन कभी स्थिर नहीं रहता, जिससे आर्थिक अस्थिरता, बेफिजूल खर्ची और धन हानि की स्थितियां बनती हैं।
- कबाड़ या टूटा-फूटा सामान न जमा करें: सीढ़ियों के नीचे भारी कबाड़, टूटे-फूट बर्तन, पुराने जूते-चप्पल या अनुपयोगी वस्तुएं कभी न रखें। यह स्थान घर का ‘स्टोर रूम’ नहीं बनना चाहिए। यहां जमा किया गया कबाड़ राहु दोष और नकारात्मक ऊर्जा को बढ़ाता है, जिससे तरक्की के रास्ते बंद होने लगते हैं।













































