अंकित अवस्थी संवाददाता तहसील नानपारा,महसी

बहराइच। बारह वफात यानी ईद मिलाद-उन-नबी के पवित्र अवसर पर बुधवार को खैरीघाट थाना क्षेत्र में जुलूस-ए-मोहम्मदी पूरी अकीदत, उत्साह और शांतिपूर्ण माहौल के बीच निकाला गया। दोपहर करीब दो बजे विभिन्न गांवों से जुलूस निकले, जो इमामगंज पहुंचकर आपस में शामिल हुए। जुलूस में नकहा, बरदहा, अलीनगर, बसंतापुर, संकल्पा और चौंगाई समेत आसपास के कई गांवों के लोग शामिल हुए।
गाजे-बाजे और नात-ओ-कलाम के साथ निकले जुलूस में बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। जुलूस के दौरान धार्मिक नारों और नात-ओ-कलाम से पूरा क्षेत्र गूंजता रहा। बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी के चलते मार्ग पर उत्साह और उमंग का माहौल देखने को मिला।
जुलूस को लेकर पुलिस-प्रशासन की ओर से सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। निर्धारित जुलूस मार्गों के साथ संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस अधिकारियों और जवानों ने लगातार भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
क्षेत्राधिकारी महसी पवन कुमार और खैरीघाट थाना प्रभारी निरीक्षक प्रदीप सिंह भारी पुलिस बल के साथ क्षेत्र में भ्रमणशील रहे। अधिकारियों ने जुलूस के मार्ग, भीड़ और संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी की। साथ ही लोगों से शांतिपूर्ण तरीके से जुलूस निकालने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की गई।
पुलिस-प्रशासन की सक्रियता और कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच जुलूस शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। पूरे कार्यक्रम के दौरान कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। बारह वफात के अवसर पर क्षेत्र में धार्मिक सौहार्द और भाईचारे का माहौल देखने को मिला।








































