अब्दुल कादिर खान/इरशाद हुसैन

रुपईडीहा, बहराइच। भारत-नेपाल सीमा से सटे रुपईडीहा रोडवेज बस स्टैंड परिसर में गुरुवार को भगवान विश्वकर्मा जयंती श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर विधि-विधान से भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना, हवन और प्रसाद वितरण किया गया। धार्मिक आयोजन से पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा।विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर रेहुआ मंसूर, बहराइच के रामाज्ञा नंद जी महाराज ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कराई। रोडवेज के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक रामप्रकाश ने श्रद्धापूर्वक पूजन कर हवन में आहुति दी। उन्होंने भगवान विश्वकर्मा से रोडवेज कर्मियों और यात्रियों के सुख-समृद्धि की कामना की।पूजन-अर्चन के बाद हवन का आयोजन हुआ, जिसमें उपस्थित लोगों ने आहुति देकर धार्मिक अनुष्ठान में सहभागिता की। इसके उपरांत रोडवेज के मैकेनिक परिसर में भंडारा आयोजित किया गया। इसमें रोडवेज कर्मियों सहित अन्य लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।इस अवसर पर सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक रामप्रकाश ने कहा कि भगवान विश्वकर्मा निर्माण, शिल्प, तकनीक और कर्म के आराध्य देव माने जाते हैं। रोडवेज के तकनीकी एवं मैकेनिक कार्यों से जुड़े कर्मचारियों के लिए विश्वकर्मा जयंती का विशेष महत्व है। उन्होंने कर्मचारियों से निष्ठा, मेहनत और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।







































