अब्दुल कादिर खान/मोहम्मद रफीक

मिहींपुरवा/बहराइच। विकासखंड मिहींपुरवा अंतर्गत ग्राम पंचायत सुजौली में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी ग्राम प्रधान एवं भाजपा जिला प्रतिनिधि राजेश गुप्ता के द्वारा भव्य कुश्ती दंगल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम प्रधान राजेश गुप्ता ने की। दंगल में दूर-दूर से आए नामी पहलवानों ने अपने दांव-पेंच दिखाकर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। दंगल का मुख्य आकर्षण दिल्ली हनुमान अखाड़ा के पहलवान हाकिम और अंशु यादव के बीच हुई कुश्ती रही। दोनों पहलवानों के बीच काफी देर तक जोरदार मुकाबला चला, लेकिन अंत में यह कुश्ती बराबरी पर छूटी। इसके बाद हाकिम पहलवान को चुनौती देने के लिए अखाड़े में कई पहलवान आए, लेकिन हाकिम से कोई भी पहलवान जोर नहीं ले सका। लगातार चुनौती स्वीकार करने और अजेय रहने के कारण अंत में हाकिम पहलवान को दंगल का विजेता घोषित किया गया। आयोजक ग्राम प्रधान राजेश गुप्ता ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्र में युवाओं को खेल और संस्कृति से जोड़ने के लिए हर साल इस तरह के दंगल का आयोजन कराया जाता है। इससे न सिर्फ पारंपरिक खेल कुश्ती को बढ़ावा मिलता है, बल्कि युवाओं में नशे से दूर रहकर शारीरिक रूप से मजबूत बनने की प्रेरणा भी मिलती है। दंगल देखने के लिए सुजौली सहित आसपास के गांवों से हजारों की संख्या में लोग पहुंचे थे। पहलवानों के हर दांव पर दर्शकों ने तालियां बजाकर उनका उत्साह बढ़ाया। कार्यक्रम को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सुजौली पुलिस बल भी मौके पर मौजूद रहा। इस अवसर पर आयोजक मंडल सहित ग्राम पंचायत के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। अंत में विजेता पहलवान हाकिम को ग्राम प्रधान द्वारा पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया।







































