विद्युत व्यवस्था में सुधार की उम्मीदों को झटका,
इरशाद हुसैन
नगरवासियों ने अधिकारियों से निर्माण प्रक्रिया शुरू कराने की मांग की*रुपईडीहा, बहराइच। भारत-नेपाल सीमा से सटे नगर पंचायत रुपईडीहा में विद्युत व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा प्रस्तावित पावर हाउस का निर्माण लंबे समय से अधर में पड़ा है। नगर पंचायत अध्यक्ष की ओर से निर्माण के लिए आवश्यक भूमि उपलब्ध कराने का आश्वासन दिए जाने के बावजूद अब तक प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी है। इससे नगरवासियों में नाराजगी है।नगर में आए दिन विद्युत आपूर्ति बाधित होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। भीषण गर्मी में घंटों बिजली कटौती और तकनीकी खराबियों के चलते उपभोक्ताओं की मुश्किलें बढ़ जाती हैं। ऐसे में नए पावर हाउस के निर्माण से विद्युत आपूर्ति व्यवस्था में सुधार की उम्मीद जताई जा रही है। इसके बावजूद संबंधित विभाग की ओर से निर्माण को लेकर ठोस पहल नहीं होने पर सवाल उठ रहे हैं।*विभागीय उदासीनता पर उठे सवाल*नगरवासियों का कहना है कि विद्युत व्यवस्था में सुधार के लिए प्रस्तावित पावर हाउस का निर्माण प्राथमिकता के आधार पर कराया जाना चाहिए। नगर पंचायत अध्यक्ष द्वारा जगह उपलब्ध कराने का आश्वासन दिए जाने के बाद भी निर्माण प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ना विभागीय स्तर पर कार्यवाही की कमी को दर्शाता है।लोगों ने कहा कि नगर पंचायत क्षेत्र में कई विकास कार्य भी लंबे समय से प्रभावित हैं। ऐसे में संबंधित विभागों के अधिकारियों को लंबित कार्यों की समीक्षा कर अड़चनों को दूर कराने की पहल करनी चाहिए, ताकि विकास कार्य अनावश्यक रूप से लंबित न रहें।*जिलाधिकारी से हस्तक्षेप की मांग*नगरवासियों ने जिलाधिकारी एवं विद्युत विभाग के उच्चाधिकारियों से मामले का संज्ञान लेने की मांग की है। उन्होंने प्रस्तावित पावर हाउस के निर्माण की प्रक्रिया जल्द शुरू कराने तथा नगर पंचायत में लंबित अन्य विकास कार्यों की समीक्षा कराकर उन्हें गति देने की मांग की है। लोगों का कहना है कि विद्युत व्यवस्था में सुधार होने से नगरवासियों के साथ-साथ व्यापारियों और सीमा क्षेत्र में रहने वाले लोगों को भी राहत मिल सकेगी।










































