बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान ने बृहस्पतिवार को कहा कि दुनिया कुछ भी कर ले, हम जैसे लोग ‘‘जिंदा” रहेंगे। फिल्म ‘पठान’ के एक गाने को लेकर हुए विवाद के बीच अभिनेता की यह टिप्पणी आई है। इस फिल्म में शाहरुख मुख्य भूमिका में हैं। कोलकाता अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (केआईएफएफ) के उद्घाटन के अवसर पर एक सभा को संबोधित करते हुए खान ने कहा कि सिनेमा मानवता की करुणा, एकता और भाईचारे की अपार क्षमता को सामने लाता है।उन्होंने कहा, “दुनिया कुछ भी कर ले, मैं और आप लोग और जितने भी पॉजिटिव (सकारात्मक) लोग हैं जिंदा रहेंगे।” देश के विभिन्न हिस्सों में फिल्म ‘पठान’ के गीत “बेशर्म रंग” को लेकर विरोध प्रदर्शन हुए हैं। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया है कि गीत से एक समुदाय की भावनाएं आहत हुई हैं।फिल्म अभी रिलीज नहीं हुई है। केआईएफएफ में मुख्य अतिथि खान ने कहा, “सिनेमा मानवता की करुणा, एकता और भाईचारे की अपार क्षमता को सामने लाता है।” खान ने सिनेमा को “विभिन्न रंगों, जातियों और धर्मों के लोगों के लिए एक दूसरे को बेहतर ढंग से समझने का जरिया बताया।
MP में नहीं होने देंगे फिल्म को रिलीज
शाहरुख खान इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म पठान को लेकर सुर्खियों में बने हुए हैं। हाल ही में फिल्म का पहला गाना ‘बेशर्म रंग’ रिलीज किया हुआ है, जिसमें दीपिका पादुकोण ने भगवा बिकनी पहनी है। इसे लेकर मध्य प्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने इंदौर में आपत्ति जताई थी। साथ ही चेतावनी दी कि जल्द से जल्द फिल्म से इन दृश्य को हटवा दें नहीं तो मध्य प्रदेश में फिल्म की रिलिजिंग पर बैन लगा देंगे।















































