नरेन्द्र मोदी एवं योगी के नेतृत्व में राष्ट्रध्वज के सम्मान को जन-जन तक पहुंचाया गया
राष्ट्रध्वज एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का सम्मान करना हम सभी का कर्तव्य-धर्मवीर प्रजापति

लखनऊ:उत्तर प्रदेश के होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मवीर प्रजापति आज आगरा में निकाली गयी भव्य तिरंगा यात्रा में बतौर मुख्य अतिथि प्रतिभाग किया। राष्ट्र विभीषिका दिवस पर आयोजित यह तिरंगा यात्रा श्री राधा कृष्ण मंदिर, रामबाग, ऐत्माद्वौला, थाना रोड एमजी रोड आगरा से शुरू होकर दीवानी चौराहा स्थित भारत माता की प्रतिमा तक जाकर समाप्त हुई।
धर्मवीर प्रजापति ने इस तिरंगा यात्रा में शामिल हजारों देश भक्तों को राष्ट्र प्रेम एवं राष्ट्र प्रतीकों के प्रति आदर भाव एवं सम्मान देने की भावना पैदा की और देश के प्रति अपने कर्तव्यों का बोध कराया। यह ऐतिहासिक तिरंगा यात्रा राष्ट्रभक्ति गीतों एवं नारों की गूंज और जयघोषों के साथ पूरे उत्साह के साथ निकाली गयी, जिसमें जनपद के सभी सम्मानित नागरिकों ने प्रतिभाग किया और जन-जन में राष्ट्रप्रेम की भावना जगाने के लिए मा0 मोदी जी एवं योगी जी का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में राष्ट्रध्वज को पूरे सम्मान एवं गौरव के साथ देश के कोने-कोने एवं जन-जन तक पहुंचाया गया है, जिसकी प्रेरणा से देशप्रेम की भावना प्रत्येक नागरिक में और अधिक बलवती हुई है। सभी नागरिक देश की एकता, अखण्डता एवं संप्रभुता को अक्षुण्ण बनाये रखने के लिए दृढ़ संकल्पित हैं। उन्होंने सभी नागरिकों से राष्ट्र विरोधी ताकतों से सतर्क रहने और राष्ट्र के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर करने के लिए तत्पर रहने की अपील की।









































