मरीजों की सेवा करना हमारी नैतिक ज़िम्मेदारी – ब्रजेश पाठक
लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार प्रदेशवासियों को बेहतर, सुलभ एवं आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए लखनऊ के प्रसिद्ध डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी (सिविल) अस्पताल में आज सुपर स्पेशलिटी ओपीडी की शुरुआत की गई। इसका उद्घाटन प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने किया।

इस अवसर पर कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि आज सिविल अस्पताल में डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान के समन्वय से सुपर स्पेशलिटी ओपीडी, न्यूरोलॉजी वार्ड एवं ओटी, नेफ्रोलॉजी, कार्डियोलॉजी तथा स्ट्रोक यूनिट का शुभारंभ किया जा रहा है। इन अत्याधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं के शुरू होने से गंभीर एवं जटिल रोगों से पीड़ित मरीजों को उच्चस्तरीय विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध होंगी।
उन्होंने कहा कि इन सुविधाओं के माध्यम से मरीजों को बेहतर उपचार, समय पर विशेषज्ञ परामर्श तथा गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा। उत्तर प्रदेश सरकार प्रदेशवासियों को सुलभ, गुणवत्तापूर्ण एवं आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।
उप मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य सेवाओं में मरीजों के प्रति संवेदनशीलता पर विशेष जोर देते हुए कहा कि जब भी वह किसी अस्पताल में जाते हैं तो बार-बार एक बात कहते हैं कि मरीज को भगवान मानकर उसकी सेवा और उपचार करें। वह हमारे लिए देवता के समान है।
उन्होंने कहा कि हमारी संस्कृति रही है कि जब कोई व्यक्ति परेशान होकर हमारे पास आता है तो हम उसे खुशहाल करके ही घर भेजते हैं। अस्पताल में आने वाले प्रत्येक मरीज का उपचार करना हमारी नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि मरीज की सेवा और उपचार करना हमारे संस्कारों में भी शामिल है।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को लगातार मजबूत कर रही है, ताकि गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों को उपचार के लिए दूर न जाना पड़े और उन्हें अपने ही क्षेत्र में बेहतर एवं विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य श्री अमित कुमार घोष, सचिव, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण श्रीमती रितु माहेश्वरी, महानिदेशक, स्वास्थ्य सेवाएं डॉ. पवन कुमार अरुण, निदेशक, डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान डॉ. सीएम सिंह, निदेशक, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी सिविल अस्पताल डॉ. जीपी गुप्ता, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी सिविल अस्पताल डॉ. देवेश चंद्र पांडेय, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान डॉ. विक्रम सिंह, मेडिकल सुपरीटेंडेंट, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी सिविल अस्पताल डॉ. एसआर सिंह, डॉ. आशुतोष दुबे सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।






































