अब्दुल कादिर खान ब्यूरो चीफ
बहराइच। नवागत जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने शनिवार को जनपद बहराइच पहुंचकर कोषागार में अपना पदभार ग्रहण किया। कार्यभार ग्रहण करने के उपरान्त उन्होंने अधिकारियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की तथा जनपद की प्रशासनिक एवं विकास संबंधी प्राथमिकताओं पर चर्चा की।
पदभार ग्रहण करने के बाद जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने कलेट्रेट सभागार में मीडिया प्रतिनिधियों से वार्ता की। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकताओं एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन उनकी प्रमुख प्राथमिकता होगी। आमजन की समस्याओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनपद में कानून-व्यवस्था, विकास कार्यों की गुणवत्ता, राजस्व मामलों के निस्तारण तथा शासन की योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से टीम भावना के साथ कार्य करते हुए जनसामान्य के प्रति संवेदनशील एवं जवाबदेह प्रशासन सुनिश्चित करने की अपेक्षा की। जिलाधिकारी ने कहा कि जनता और प्रशासन के बीच बेहतर संवाद स्थापित कर समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।
मीडिया से वार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि जनपद की भौगोलिक एवं सामाजिक परिस्थितियों को समझते हुए विकास कार्यों को गति देने तथा शासन की मंशा के अनुरूप पारदर्शी एवं उत्तरदायी प्रशासन उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। श्री पाण्डेय ने कहा कि शिक्षा चिकित्सा बेहतर व्यवस्था के साथ साथ शासन की मंशा अनुसार कार्य करते हुए इस जनपद के युवाओं के लिए कुछ अच्छा करना प्राथमिकता होगी। डीएम ने कहा कि कृषि प्रधान जनपद होने के नाते यहां पर कृषि के क्षेत्र में आगे बढ़ने की अपार संभावनाएं हैं। डीएम ने कहा कि इसके लिए किसानों और जिम्मेदारों से समन्वय स्थापित करते हुए कार्य किए जाने का प्रयास होगा। इसके अलावा इस ज़िले में अधिकारियों के साथ रणनीति बनाकर बाढ़ और कटान से निपटने का प्रयास किया जाएगा।इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी सुनील कुमार धनवंता, अपर जिलाधिकारी अमित कुमार, मुख्य राजस्व अधिकारी सौरभ दुबे, नगर मजिस्ट्रेट राजेश प्रसाद सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी मौजूद रहे।

कौन है जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय
पहली नौकरी पुलिस में की,,,,,,,
राजेश कुमार पांडेय सन जुलाई 1997 में डीएसपी चयनित हुए थे। उन्होंने उप पुलिस अधीक्षक के रूप में जनवरी 1998 तक सात महीने काम किया। इसके बाद वे यूपी की प्रसासनिक सेवा (पीसीएस) में चयनित हो गए और उनको फरवरी 1998 में जौनपुर का उप जिलाधिकारी (SDM) बनाया गया। वे इस पद पर सितंबर 1998 तक रहे।
उत्तराखंड के तीन शहरों में रहे तैनात
इसके बाद राजेश कुमार पांडेय उत्तराखंड चले गए। उस समय उत्तराखंड अलग राज्य नहीं बना था। वे देहरादून में डिप्टी कलेक्टर के पद पर नवंबर 1998 से जनवरी 2000 तक तैनात रहे। इसके बाद वे जून 2000 तक हरिद्वार में एसडीएम रहे। जून 2000 में उनको नैनीताल भेजा गया। वहां वे मई 2001 तक झील विकास प्राधिकरण के सचिव पद पर रहे







































