लखनऊ। यात्रियों की सुविधा एवं डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने हेतु पूर्वाेत्तर रेलवे, लखनऊ मण्डल द्वारा मण्डल के विभिन्न स्टेशनों एवं परिसर पर ऑटोमेटिक वेंडिंग मशीन ‘लखन खजाना’ स्थापित की जा रही हैं।
इसी क्रम में बंदरियाबाग स्थित ‘संस्कृति’ ऑफिसर्स क्लब पर एक ऑटोमेटिक वेंडिंग मशीन ‘लखन खजाना’ स्थापित की गयी है। इससे रेलवे कालोनी, ऑफिसर्स क्लब एवं आस-पास के लोगों को स्नैक्स एवं पेय पदार्थ 24x7 आसानी से उपलब्ध होंगे।
मण्डल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल ने कहा कि ये मशीनें यूपीआई से एटीएम की तरह कैशलेस भुगतान की सुविधा देंगी, जिससे पारदर्शिता बढ़ेगी। यह पहल ‘डिजिटल इंडिया’ की दिशा में लखनऊ मण्डल का महत्वपूर्ण कदम है। ‘लखन खजाना’ नाम से संचालित यह ऑटोमेटिक वेंडिंग मशीनें मर्यादा पुरुषोत्तम श्री राम के अनुज श्री लक्ष्मण के प्रति हम सभी नगर वासियों का स्नेह प्रदर्शित करती हैं।










































